इराक़ के रोमादी शहर के जल्दी ही आज़ाद होने की ख़बरे आ रही हैं।
इराक़ के रक्षा मंत्री ख़ालिद अलओबैदी ने कहा है कि देश के पश्चिमी प्रांत अंबार का केन्द्र रोमादी जल्दी ही आईएसआईएल के वजूद से पाक हो जाएगा। इराक़ी रक्षा मंत्री ने गुरुवार को अंबार प्रांत में सुरक्षा बलों से मुलाक़ात की और सेना से इस प्रांत में सभी मोर्चों से आगे बढ़ने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि इराक़ी सेना जल्दी ही रोमादी शहर की सरहद के क़रीब पहुंच जाएगी और सुरक्षा बल, स्वयंसेवी बल तथा इराक़ी क़बाईली बलों की संयुक्त कोशिश से यह शहर आईएसआईएल के क़ब्ज़े से आज़ाद हो जाएगा। ख़ालिद अलओबैदी ने बताया कि सुरक्षा बलों की कार्यवाही में वायु सेना की भी मदद ली जा रही है। उन्होंने कहा कि गर्मी बढ़ने और मौसम में बदलाव के कारण युद्धक विमान उड़ान नहीं भर रहे हैं इसलिए कार्यवाही को जारी रखने के लिए एक प्रकार के विराम की योजना बनायी गयी है।
इराक़ी रक्षा मंत्री ने बताया कि उत्तरी इराक़ के सलाहुद्दीन और अंबार प्रांतों में आईएसआईएल के ख़िलाफ़ सुरक्षा बलों की कार्यवाही सफल रही जिसके दौरान दसियों आतंकी मारे गए।